उत्तर प्रदेश के बुंदेलखंड, विंध्य क्षेत्र और मध्य प्रदेश से सटे जिलों में गुरुवार को मानसूनी बारिश (Uttar Pardesh Mansoon Update) के आसार बने हुए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल मानसून की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ी है, लेकिन दो दिन बाद इसमें दोबारा हल्की सक्रियता देखी जा सकती है।
गरज-चमक और बूंदाबांदी की संभावना बरकरार
हालांकि, इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही, हवा में नमी और हल्की धूप-छांव के बीच गरज-चमक और बूंदाबांदी की मौसमी स्थितियां बनी रहेंगी। बुधवार को सोनभद्र, लखीमपुर खीरी, बाराबंकी, अयोध्या, बस्ती, वाराणसी और बलिया में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
दक्षिणी यूपी में वेदर सिस्टम सक्रिय
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल वेदर सिस्टम दक्षिणी उत्तर प्रदेश की ओर ज्यादा सक्रिय है। इसके चलते बुंदेलखंड, दक्षिणी जिलों और तराई क्षेत्र में कहीं-कहीं अच्छी बारिश की संभावना है। जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में फिलहाल भारी बारिश की कोई चेतावनी नहीं दी गई है।
लखनऊ में बादल छाए, उमस बढ़ी
राजधानी लखनऊ में पिछले कुछ दिनों से हो रही मानसूनी बारिश (Uttar Pradesh Mansoon Update) पर बुधवार को ब्रेक लग गया। दिन भर बादलों की हल्की मौजूदगी रही, लेकिन ज्यादातर समय वे शांत ही बने रहे। इस कारण अधिकतम तापमान दो डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब डेढ़ डिग्री बढ़ गया। गुरुवार को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रहेगा।
यह भी पढ़ें;- UP Gram Panchayat Election 2026: प्रधान या बीडीसी प्रत्याशी की उम्र कितनी हो? योग्यता और जरूरी गाइडलाइंस; जानें हर बात
बुधवार को हजरतगंज, महानगर और गोमतीनगर विस्तार में कुछ देर के लिए हल्की बारिश हुई, लेकिन शहर के बाकी इलाकों में लोगों को बूंदाबांदी भी नसीब नहीं हुई। दोपहर बाद उमस भरी गर्मी ने परेशान किया।
शुक्रवार को हो सकती है हल्की बारिश
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि वेदर सिस्टम अब अवध क्षेत्र से दक्षिण की ओर खिसक गया है, जिस कारण वहां बादलों की सक्रियता कम हुई है। शुक्रवार को हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है। बुधवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 34.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।



