
यूपी: लखनऊ में भाकियू (भूमि पुत्र) का चिंतन शिविर, फतेहपुर से एक हजार कार्यकर्ता होंगे शामिल
भाकियू (भूमि पुत्र) का प्रांतीय एक दिवसीय चिंतन शिविर राजधानी लखनऊ में आयोजित किया जाएगा। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर धीरेंद्र प्रताप सिंह के आह्वान पर होने वाले इस शिविर में संगठन की मजबूती, विस्तार और किसानों से जुड़े मुद्दों पर मंथन किया जाएगा।
भाकियू (भूमि पुत्र) के राष्ट्रीय सचिव पवन द्विवेदी ने बताया कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने के उद्देश्य से चिंतन शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें किसानों की मौजूदा समस्याओं, संगठन की भावी योजनाओं और सदस्यता विस्तार को लेकर चर्चा होगी।
फतेहपुर से एक हजार कार्यकर्ताओं का जत्था होगा रवाना
पवन द्विवेदी के मुताबिक, इस प्रांतीय चिंतन शिविर में फतेहपुर जिले से करीब एक हजार कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे। जिलेभर से कार्यकर्ताओं की लखनऊ रवानगी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सभी कार्यकर्ता निर्धारित समय पर राजधानी पहुंचकर कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
संगठन विस्तार की बनेगी रणनीति
चिंतन शिविर को संगठन के भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इसमें किसान हितों से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श के साथ यूनियन को गांव और ब्लॉक स्तर तक अधिक सक्रिय बनाने की रणनीति पर भी चर्चा होगी। कार्यक्रम को लेकर फतेहपुर जिले के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह है।
