UP Panchayat Chunav 2026: यूपी पंचायत चुनाव से पहले बड़ा खुलासा! परिसीमन में हुई गड़बड़ी, रिपोर्ट तलब

UP Panchayat Election 2026 (Source; Batkahi)

उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित यूपी पंचायत चुनाव 2026 (UP Panchayat Chunav 2026) की तैयारियों के बीच एक बड़ी प्रशासनिक खामी सामने आई है। वार्डवार परिसीमन के बाद ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पदों की संख्या दर्ज करने में कई जिलों से त्रुटियां पाई गई हैं। यह गड़बड़ी राज्य निर्वाचन आयोग के पोर्टल पर फीड किए गए आंकड़ों और पंचायती राज विभाग की आधिकारिक सूची के बीच अंतर के रूप में सामने आई है।

राज्य निर्वाचन आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी जिलाधिकारियों और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने स्पष्ट कहा है कि पंचायत चुनाव से जुड़े सभी पदों की संख्या पंचायती राज विभाग की प्रमाणिक सूची से मिलान करने के बाद ही पोर्टल पर दर्ज की जाए। किसी भी तरह की लापरवाही या गलत आंकड़े चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं।

चुनावी डेटा और विभागीय रिकॉर्ड में अंतर

सूत्रों के अनुसार, कुछ जिलों में ग्राम पंचायतों और वार्डों की संख्या में परिसीमन के बाद बदलाव हुआ, लेकिन उसी के अनुरूप पदों की संख्या अपडेट नहीं की गई। इसके चलते आयोग के चुनावी डेटा और विभागीय रिकॉर्ड में अंतर दिखाई दिया। यदि समय रहते सुधार नहीं होता, तो इससे चुनाव अधिसूचना, आरक्षण प्रक्रिया और नामांकन जैसे अहम चरणों में समस्या खड़ी हो सकती है।

यह भी पढ़ेंः- UP Panchayat Election 2026: अटकलों पर विराम…समय पर होंगे यूपी पंचायत चुनाव, जनगणना का नहीं होगा असर; पढ़ें अपडेट

…अधिसूचना जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी

गौरतलब है कि पंचायत चुनाव मई 2026 तक कराए जाने प्रस्तावित हैं। इससे पहले चुनावी तैयारियों का कैलेंडर तय किया जा चुका है। आयोग के अनुसार, अंतिम मतदाता सूची 28 मार्च 2026 को जारी की जाएगी। इसके बाद आरक्षण सूची, चुनाव कार्यक्रम और अधिसूचना जारी करने की प्रक्रिया शुरू होगी।

यह भी पढ़ेंः- Aadhaar Card Deactivation: मोदी सरकार ने बंद किए 2.5 करोड़ आधार कार्ड, कहीं आपका भी तो नहीं? ऐसे करें चेक

की जा रही सुधार कार्य की निगरानी

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी जिलों को निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित समयसीमा के भीतर आंकड़ों को दुरुस्त करें, ताकि पंचायत चुनाव पारदर्शी, निष्पक्ष और त्रुटिरहित तरीके से संपन्न कराए जा सकें। आयोग स्तर पर इस पूरे सुधार कार्य की निगरानी भी की जा रही है।