देश में सोने-चांदी की कीमतों (Gold-Silver Price Today) में लगातार तेजी अब गिरावट में बदल गई है। इससे फायदे के लिए खरीदने वाले निवेशकों को दो दिन में ही भारी चपत लग चुकी है। दिल्ली सराफा बाजार में शनिवार को चांदी की कीमतें एक दिन में रिकॉर्ड करीब 19% यानी 72,500 रुपये टूटकर 3.12 लाख रुपये प्रति किलो के भाव पर आ गईं। सोना भी दो फीसदी यानी 3500 रुपये सस्ता होकर 1,65,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है।
निवेशकों ने मजबूत अमेरिकी डॉलर के कारण वैश्विक स्तर पर हुई बिकवाली के चलते मुनाफा वसूली की। ऑल इंडिया सराफा एसोसिएशन के अनुसार, चांदी में लगातार दूसरे दिन भारी गिरावट दर्ज की गई। इससे इस सप्ताह की रिकॉर्ड बढ़त का बड़ा हिस्सा खत्म हो गया।
रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई थी कीमत
इससे पहले शुक्रवार को 20,000 रुपये यानी पांच फीसदी सस्ती हुई थी। इससे भी एक दिन पहले, बृहस्पतिवार को यह 4,04,500 रुपये के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। विश्लेषकों के मुताबिक, चांदी की कीमतें और गिरकर 60 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर हो सकती हैं।
दो साल में सोना 150%, चांदी 326% महंगी
मिराए एसेट शेयरखान के डाटा के अनुसार, दो दिनों में सोने का मार्केट कैप करीब 321 लाख करोड़ रुपये और चांदी का करीब 137 लाख करोड़ रुपये घटा है। हालांकि, साल की शुरुआत से सोने का मार्केट कैप करीब 275 लाख करोड़ और चांदी का करीब 183 लाख करोड़ रुपये बढ़ा। पिछले 02 साल में सोने की कीमतों में 150 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। वहीं चांदी की कीमतें 326 फीसदी बढ़ी हैं।
ट्रंप के फैसले का असर…
विश्लेषकों के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फेडरल रिजर्व के पूर्व गवर्नर केविन वॉर्श को केंद्रीय बैंक का प्रमुख नामित करने के बाद डॉलर सूचकांक 0.9 फीसदी बढ़कर 97.15 पर बंद हुआ। इससे सुरक्षित निवेश मानी जाने वाली संपत्तियों के आकर्षण में कमी आई।


