UP News: ‘चीनी सामान बेचने वाले नेटवर्क को करें ध्वस्त…’, सीएम योगी बोले- मांझे से मौत पर पुलिस जिम्मेदार

CM Yogi on Chines Manjha (Source; @myogiadityanath X handle)

उत्तर प्रदेश में चीनी मांझे (Chines Manjha) से हो रही दुर्घटनाओं पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि यदि प्रदेश में कहीं भी चीनी मांझे के कारण कोई हादसा होता है, तो उसकी सीधी जिम्मेदारी पुलिस और प्रशासन की होगी। मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने चीनी मांझे के उत्पादन, बिक्री और उपयोग से जुड़े पूरे नेटवर्क को पूरी तरह समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि चीनी मांझे से होने वाली मौतें सामान्य दुर्घटनाएं नहीं हैं। बल्,कि यह हत्या जैसी गंभीर घटनाएं हैं। इसलिए इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए प्रदेशभर में व्यापक अभियान शुरू कर दिया गया है।

दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करें- सीएम

मुख्यमंत्री ने सभी जिलों के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि थोक विक्रेताओं, गोदामों, परिवहन साधनों और ऑनलाइन सप्लायर्स की सघन जांच की जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि प्रदेश में कहीं भी चीनी मांझे की बिक्री, भंडारण या आपूर्ति न हो सके।

यह भी पढ़ेंः- UP Panchayat Chunav 2026: यूपी पंचायत चुनाव से पहले बड़ा खुलासा! परिसीमन में हुई गड़बड़ी, रिपोर्ट तलब

अवैध बिक्री की निगरानी करें नोडल अधिकारी

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देशित किया कि हर जिले में एक नोडल अधिकारी की नियुक्ति की जाए, जो 24 घंटे इस पूरे मामले पर निगरानी रखेगा। यह नोडल अधिकारी न केवल बाजारों पर नजर रखेगा, बल्कि सोशल मीडिया और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए हो रही अवैध बिक्री की भी निगरानी करेगा और तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

बच्चों को किया जाएगा जागरूक

इसके साथ ही प्रदेश सरकार स्कूलों और कॉलेजों में विशेष जागरुकता अभियान चलाएगी। ताकि, बच्चों और युवाओं को चीनी मांझे से होने वाले खतरों के बारे में जानकारी दी जा सके। बाजारों में पतंग विक्रेताओं को भी सख्त चेतावनी दी जा रही है कि यदि वे चीनी मांझा बेचते पाए गए तो उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ेंः- Aadhaar Card Deactivation: मोदी सरकार ने बंद किए 2.5 करोड़ आधार कार्ड, कहीं आपका भी तो नहीं? ऐसे करें चेक