हर महीने की पहली तारीख आमजन के दैनिक उपभोग में कई अहम बदलाव (Rules Change February 2026) लेकर आती है। ये बदलाव सीधे रोजमर्रा की जिंदगी, खर्च और बचत को प्रभावित करते हैं। 1 फरवरी 2026 से भी ऐसे ही कई नियमों और कीमतों में बदलाव लागू हो गए हैं। इनका असर आम उपभोक्ताओं से लेकर किसानों तक पर देखने को मिलेगा।
सरकार और संबंधित विभाग समय-समय पर नीतियों, योजनाओं और कीमतों में संशोधन करते रहते हैं, ताकि आर्थिक संतुलन बनाए रखा जा सके। ऐसे में जरूरी है कि आप 1 फरवरी से लागू हुए इन बड़े बदलावों के बारे में पहले से जानकारी रखें।
LPG Gas Price Hike
कमर्शियल गैस सिलेंडर हुआ महंगा
1 फरवरी से एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को झटका लगा है। तेल विपणन कंपनियों ने एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। हर महीने की शुरुआत में कंपनियां घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों की समीक्षा करती हैं।
इस बार 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 50 रुपये बढ़ा दिए गए हैं। इससे होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारियों की लागत बढ़ेगी। इसका अप्रत्यक्ष असर आम ग्राहकों पर भी पड़ेगा। घरेलू बजट पहले से ही महंगाई की मार झेल रहा है। गैस के दाम बढ़ने से रसोई का खर्च और बढ़ सकता है।
Pan Masala, Cigarette Price Hike
तंबाकू प्रेमियों की जेब पर टैक्स की मार
1 फरवरी से पान मसाला, सिगरेट और तंबाकू उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई है। सरकार ने इन उत्पादों पर टैक्स बढ़ाने का फैसला लिया है। इसका उद्देश्य इन हानिकारक उत्पादों के सेवन को हतोत्साहित करना है। टैक्स बढ़ने के बाद इन उत्पादों की खुदरा कीमतों में इजाफा होगा। इससे उपभोक्ताओं की जेब पर सीधा असर पड़ेगा। वहीं, सरकार को इससे राजस्व में बढ़ोतरी होगी।
PM Kisan Yojana Update
आ सकती है किसान सम्मान निधि की 22वीं किस्त?
फरवरी महीने में किसानों के लिए एक अच्छी खबर भी आ सकती है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त इसी महीने जारी होने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले वर्षों के ट्रेंड और किस्त जारी करने के पैटर्न को देखते हुए फरवरी में किस्त आने की संभावना है। अगर, ऐसा होता है तो देश के करोड़ों किसानों को सीधा फायदा मिलेगा।


